गोरखपुर : चिटफंड घोटाला, 5 करोड़ रुपये लेकर फरार हुए संचालक

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शाहपुर थानाक्षेत्र के बिछिया जंगल तुलसीराम में गोल्डन फ्यूचर प्राइवेट लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी के संचालक जगजीवन चौहान उर्फ सुनील सिंह चौहान और उनके साथी बंटी चौहान ने 1500 से अधिक जमाकर्ताओं के करीब 5 करोड़ रुपये जमा कराकर फरार हो गए. कंपनी ने रुपये दोगुना करने का लालच देकर आम जनता को फंसाया. एजेंटों के जरिए खाते खुलवाए जाते थे और जमाकर्ताओं से रोजाना किस्तें वसूलकर बैंक में जमा की जाती थीं.

पुलिस जांच में सामने आया कि रसीदें भी जारी की जाती थीं, लेकिन मेच्योरिटी का समय आने से पहले ही संचालक फरार हो गए. 11 अगस्त 2025 को रक्षाबंधन के बाद स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का कहकर कार्यालय पर ताला लगा दिया. बोर्ड हटाकर दोनों आरोपी गायब हो गए.

शिकायतकर्ता एक महिला एजेंट ने 31 अगस्त को शाहपुर थाने में मामला दर्ज कराया. उन्होंने बताया कि वे और चार-पांच अन्य एजेंट कंपनी के लिए काम करते थे. पिछले 9 वर्षों में 1500 लोगों से 5 करोड़ रुपये की ठगी हुई. 12 सितंबर को रुपये लौटाने की मांग पर जमाकर्ता आरोपी के घर पहुंचे. जब जगजीवन और बंटी नहीं मिले, तो गुस्से में उन्होंने पिता जीवन चौहान को पकड़ लिया. भीड़ ने जीवन चौहान को घर से खींचा और चप्पल-जूतों की माला पहनाकर मोहद्दीपुर से असुरन चौराहा तक घुमाया. पुलिस ने आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया और पिता को थाने ले गए.

गोरखनाथ थाने के सीओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि शाहपुर थानाक्षेत्र के जगजीवन चौहान और बंटी चौहान के खिलाफ फ्रॉड के दो अभियोग पहले से दर्ज हैं. हम वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं. आरोपियों की तलाश तेज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button