यूपी में सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क की सेवाएं होंगी समाप्त

सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग के सेतु के तौर पर कार्यरत सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क की सेवाएं समाप्त होने जा रही हैं।

यूपी की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग के सेतु के तौर पर कार्यरत सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क की सेवाएं समाप्त होने जा रही हैं। प्रदेशभर में इसकी सेवाएं 31 मार्च 2026 को खत्म किए जाने का शासनादेश जारी कर दिया है। सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क ने मुरादाबाद से पोलियो उन्मूलन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मुरादाबाद मंडल में इस नेटवर्क के अंतर्गत कार्यरत 129 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।
वर्ष 2002 में पोलियो अभियान में सरकार को सहयोग मिलने के मकसद के साथ प्रदेश में सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क की स्थापना यूनिसेफ के अंतर्गत की गई थी। वर्ष 2013 में पोलियो उन्मूलन हो जाने के बाद सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क के अंतर्गत कार्यरत लोगों की सेवाएं नियमित टीकाकरण, कोल्ड चेन प्रबंधन, संस्थगन प्रसव को बढ़ावा देने आदि कार्यों में ली जा रही थीं। यूनिसेफ द्वारा यह फैसला किए जाने के चलते मुरादाबाद में इस समय नेटवर्क के अंतर्गत कार्यरत दस सदस्यीय टीम की सेवाएं 31 मार्च 2026 को समाप्त हो जाएंगी। सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क के अंतर्गत वर्तमान समय में मुरादाबाद जनपद में 11, संभल में 12, अमरोहा में 13, बिजनौर में 34 और रामपुर जनपद में 59 कर्मचारी कार्यरत हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुवीर सिंह ने बताया, यूनिसेफ द्वारा सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क की सेवाएं अब समाप्त किए जाने संबंधी फैसले के चलते इसके अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत कार्यरत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button