
सूडान में किंडरगार्टन पर हमला 33 बच्चों समेत 50 की मौत
सूडान के अर्धसैनिक बलों दक्षिण-मध्य सूडान के दक्षिण कोर्दोफान राज्य के कलोगी शहर में एक किंडरगार्टन पर ड्रोन हमला कर दिया है। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई। इनमें 33 बच्चे शामिल हैं।
सूडान के अर्धसैनिक बलों (रैपिड सपोर्ट फोर्सेज-आरएसएफ) ने दक्षिण-मध्य सूडान के दक्षिण कोर्दोफान राज्य के कलोगी शहर में एक किंडरगार्टन पर ड्रोन से हमला कर दिया। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई। इनमें 33 बच्चे शामिल हैं। यह जानकारी डॉक्टरों के एक समूह ने दी। शुक्रवार देर रात जारी बयान में समूह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची पैरामेडिकल टीम को “दूसरे अप्रत्याशित हमले” का निशाना बनाया गया।
बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठन यूनिसेफ ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। यूनिसेफ के सूडान प्रतिनिधि शेल्डन येट ने शुक्रवार को कहा, “स्कूल में बच्चों की हत्या करना बच्चों के अधिकारों का भयावह उल्लंघन है। बच्चों को कभी भी युद्ध की कीमत नहीं चुकानी चाहिए।” उन्होंने सभी पक्षों से तत्काल ऐसे हमले रोकने और जरूरतमंदों तक मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए सुरक्षित, बाधा-मुक्त पहुंच देने की अपील की। पिछले कुछ हफ्तों में कोर्दोफान के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों नागरिक मारे जा चुके हैं।
इससे पहले रविवार को भी सूडानी सेना के हवाई हमलों में दक्षिण कोर्दोफान के काउडा में कम से कम 48 लोग मारे गए थे। राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टर्क ने चेतावनी दी है कि कोर्दोफान में अल-फाशेर जैसे नए अत्याचार हो सकते हैं। अल-फाशेर पर आरएसएफ के कब्जे के दौरान नागरिकों की हत्याएं, बलात्कार और अन्य जघन्य अपराध हुए थे। हजारों लोग भाग निकले, जबकि हजारों के मारे जाने या शहर में फंसे होने की आशंका है।
आरएसएफ और सूडानी सेना 2023 से सत्ता के लिए लड़ रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार इस युद्ध में अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 1.2 करोड़ से ज्यादा विस्थापित हुए हैं। सहायता संगठनों का कहना है कि वास्तविक मौतों का आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है।

