इस्लामाबाद की शिया मस्जिद के बाहर आत्मघाती धमाका, 31 की मौत और 169 घायल

इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में शुक्रवार की नमाज के दौरान इमाम बारगाह में आत्मघाती धमाका हुआ, जिसमें 31 लोगों की मौत और 169 से ज्यादा लोग घायल हो गए। शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद के बाहर हुए आत्मघाती बम धमाके ने पूरे शहर को दहला दिया। तरलाई इलाके स्थित इमाम बारगाह खदीजात-उल-कुबरा में हुए इस धमाके के बाद हर तरफ चीख-पुकार मच गई। पीटीआई के मुताबिक, इस विस्फोट में अब तक कम से कम 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 170 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जिस वक्त यह धमाका हुआ उस समय मस्जिद में नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। धमाके के तुरंत बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। पुलिस, रेस्क्यू और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट पूरी तरह आत्मघाती था या किसी अन्य तरीके से अंजाम दिया गया। फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनके इलाज की निगरानी के लिए प्रशासन ने विशेष अधिकारियों की तैनाती की है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इसे “मानवता के खिलाफ अपराध” करार दिया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है, “इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई मौतों पर शोक ज़ाहिर करता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button