
जयपुर–अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में लगी आग
जयपुर-अजमेर हाइवे पर देर रात बड़ा हादसा हुआ। केमिकल टैंकर ने LPG सिलेंडर भरे ट्रक को टक्कर मारी तो आग लग गई। दो घंटे तक 200 सिलेंडर फटते रहे। धमाकों की आवाज 10 किमी दूर तक सुनाई दी। टैंकर ड्राइवर जिंदा जल गया।
जयपुर-अजमेर हाइवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दूदू के मौखमपुरा के पास केमिकल से भरे टैंकर ने सड़क किनारे खड़े LPG सिलेंडरों से लदे ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में आग लग गई, जो भीषण विस्फोट में बदल गई। करीब दो घंटे तक 150 से ज्यादा गैस सिलेंडर फटते रहे, जिनकी आवाजें 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं। धमाकों की तीव्रता इतनी थी कि कई सिलेंडर 500 मीटर दूर खेतों में जा गिरे।
हादसे में केमिकल टैंकर का ड्राइवर मौके पर ही जिंदा जल गया, जबकि ट्रक चालक बाल-बाल बचा। घटना रात करीब 10 बजे की है। सिलेंडरों से भरे ट्रक में कुल 330 सिलेंडर लदे हुए थे।
हादसे के बाद आग की लपटों ने वहां खड़े पांच अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया गया। मौके पर दमकल विभाग की 12 गाड़ियां भेजी गईं, जिन्होंने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक और टैंकर दोनों पूरी तरह खाक हो चुके थे।
हादसे की सूचना मिलते ही एसएमएस अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया। नव नियुक्त अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को बुलाया गया। प्लास्टिक सर्जरी विभाग सहित इमरजेंसी और आईसीयू बेड आरक्षित रखे गए।

