
एक घर छोड़ सारी संपत्ति ‘जन सुराज’ को दान करेंगे प्रशांत किशोर
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में 15 जनवरी से नए सिरे से अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। पीके ने घर छोड़कर सारी संपत्ति और अपनी कमाई का 90 फीसदी पार्टी को दान करने का ऐलान किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव में 238 सीटें लड़कर जीरो पर आउट हुई जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के नेता प्रशांत किशोर ने पार्टी को आगे चलाने के लिए दिल्ली का एक घर छोड़कर सारी संपत्ति पार्टी को दान करने का ऐलान कर दिया है। प्रशांत ने इसके साथ ही अगले पांच साल तक सलाह देने के बदले होने वाली कमाई का 90 फीसदी हिस्सा भी जन सुराज को डोनेट करने की घोषणा की है। पार्टी की हार के लिए चंपारण के गांधी आश्रम में 24 घंटे का प्रायश्चित उपवास तोड़ने के बाद पीके ने 15 जनवरी से बिहार में नए सिरे से पार्टी का अभियान शुरू करने की जानकारी दी है। प्रशांत ने कहा कि पार्टी महिलाओं का फॉर्म भरवाएगी, ताकि उनको 10 हजार रुपये मिले या बाद में मिलने वाला 2 लाख रुपया भी सरकार दे।
पीके ने महात्मा गांधी की प्रेरणा से पुनः जन आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प जताया। प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज की मूल सोच यही है कि सिर्फ सरकार या सत्ता परिवर्तन से व्यवस्था नहीं बदलती, समाज के भीतर बदलाव लाना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी 15 जनवरी से वे बिहार के सभी 1 लाख 18 हजार वार्डों में जाकर बिहार नवनिर्माण संकल्प अभियान के तहत जनता से सीधा संवाद करेंगे। उस दौरान सरकार द्वारा किए गए वादों की वास्तविक स्थिति लोगों के सामने रखेंगे और उन्हें पूरा कराने की पहल भी करेंगे।
पीके ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में जन सुराज एक बड़े जन-परिवार के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में लंबे समय से जातीय विभाजन, पैसे की ताकत और धार्मिक ध्रुवीकरण हावी रहा है, जिसका असर चुनावों में साफ दिखता है।

