रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश, मरीज़ समेत 7 की मौत

रांची से सात लोगों को दिल्ली ले जा रही एयर एंबुलेंस सोमवार को चतरा जिले के सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में विमान में सवार सातों लोगों की मौत हो गई।

रांची से दिल्ली जा रही रेडबर्ड एयरवेज की एयर एंबुलेंस सोमवार शाम चतरा जिले में क्रैश हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार गुप्ता भी शामिल थे। विमान ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 7:11 बजे उड़ान भरी थी। 7:34 बजे खराब मौसम के कारण पायलट ने मार्ग परिवर्तन की अनुमति मांगी। कुछ ही देर बाद विमान का रडार संपर्क टूट गया। बाद में मलबा सिमरिया थाना क्षेत्र के जंगल में मिला।

विमान में 41 वर्षीय संजय कुमार भी सवार थे, जो 65% तक झुलस गए थे। लातेहार के चंदवा निवासी संजय को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया था। परिजनों ने आर्थिक तंगी के बावजूद एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी।

उम्मीदों से भरी यह उड़ान उनका अंतिम सफर बन गई। विमान में दो पायलट, डॉक्टर, पैरामेडिक और दो अटेंडेंट भी सवार थे। हादसे में कोई भी जीवित नहीं बच सका।

Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की टीम दिल्ली से जांच के लिए रवाना हुई है। ब्लैक बॉक्स और मौसम संबंधी कारणों की पड़ताल की जा रही है। शाम 8:05 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button