
मध्य प्रदेश: होमवर्क नहीं करने पर छात्रों के ठंड में कपड़े उतरवाए, परिजन का हंगामा
सीहोर में सेंट एंजेल स्कूल में होमवर्क न करने पर बच्चों को कड़ाके की ठंड में कपड़े उतरवाकर अमानवीय सजा दी गई। बच्चों से स्कूल के काम भी करवाए गए। परिजन और सामाजिक संगठनों के विरोध के बाद पुलिस और शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रिंसिपल को हटाया गया और प्रबंधन पर एक लाख का जुर्माना लगाया गया।
मध्य प्रदेश के सीहोर सेंट एंजेल स्कूल से होमवर्क नहीं करने पर बच्चों को दी गई अमानवीय सजा का मामला सामने आया। आरोप है कि स्कूल में होमवर्क पूरा न करने पर मासूम बच्चों के कपड़े उतरवाकर उन्हें कड़ाके की ठंड में खड़ा कर दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन आक्रोशित हो गए। और स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
बजरंग दल के साथ-साथ अलग-अलग सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित बच्चों के परिजन के साथ स्कूल पहुंचे। इसके बाद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया गया। इसी दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी भी स्कूल पहुंचे और बच्चों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल समरीन खान को तत्काल प्रभाव से स्कूल से अलग करने के आदेश जारी किए। इसके साथ ही मान्यता अधिनियम के तहत स्कूल मैनेजमेंट पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। वहीं, मंडी थाना पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन और पुलिस की ओर से उचित और सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद मौके पर मौजूद गुस्साए कार्यकर्ता शांत हुए और हालात सामान्य हो गए।

