
मॉल की तीसरी मंजिल से गिरा आठ साल का मासूम, हालत गंभीर
गोरखपुर के ओरियन मॉल में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीसरी मंजिल से आठ साल का बच्चा नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
गोरखपुर। ओरियन माल की तीसरी मंजिल से मंगलवार की रात आठ वर्षीय बच्चा नीचे गिर गया। घटना के बाद माल में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के साथ आया बच्चा ओपन फूड कोर्ट की रेलिंग के पास बैठा था। परिवार के लोगों ने उसे नाजुक हालत में सिटी हास्पिटल में भर्ती कराया है। पुलिस सीसी कैमरे का फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद माल की सुरक्षा व्यवस्था जांच के दायरे में है।
दिव्यनगर, खोराबार निवासी अनिकेत पांडेय होटल में फाइनेंस मैनेजर हैं। मंगलवार की रात उनकी पत्नी साक्षी अपने बेटे अद्विक (8), बेटी अदिति (3) और बहन स्मिता मिश्रा व जया मिश्रा के साथ माल घूमने गई थीं। परिवार तीसरी मंजिल के ओपन फूड कोर्ट में बैठा था। रात 10 बजे के करीब अद्विक खेलते-खेलते टेबल पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने की वजह से रेलिंग से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गिर पड़ा।कई ग्राहक बच्चे की ओर दौड़े, सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की।
डाक्टरों का कहना है कि बच्चे को कई गहरी चोटें आई हैं उसकी स्थित नाजुक है। प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट संजय सिंह ने बताया कि घटना की सही जानकारी के लिए सीसी कैमरे का फुटेज निकाला जा रहा है।

