
नेपाल प्रदर्शनों के बाद जेलों से भागे 540 भारतीय कैदी लापता
नेपाल में जेन जेड के प्रदर्शनों के बाद जेलों की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई है। इस स्थिति का फायदा उठाकर करीब 13000 क़ैदी फरार हो गए। जिनमें 540 भारतीय कैदी भी जेलों से फरार हो गए हैं। जो अभी तक लापता हैं।भारतीय दूतावास ने इस मामले पर चिंता जताई है और नेपाल सरकार से संपर्क किया है। सरकार ने फरार कैदियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
नेपाल में विभिन्न जेलों में सजा काट रहे करीब 540 भारतीय कैदी अब तक फरार हैं, जिनका कोई पता नहीं चल पाया है. जेल प्रबंधन विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी. विभाग के अनुसार, नौ सितंबर को सरकार विरोधी ‘जेन जी’ प्रदर्शनों के दूसरे दिन नेपाल की विभिन्न जेलों में भारी अशांति फैल गई थी. इसी दौरान 13,000 से अधिक कैदियों ने जेल से भागने में सफलता हासिल की थी. नेपाल सरकार ने इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.
जेल प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भागे हुए कैदियों में लगभग 5,000 नेपाली नागरिक शामिल हैं जो अब तक फरार हैं. इनके अलावा 540 भारतीय नागरिक और अन्य देशों के 108 कैदी भी जेलों से भाग गए थे और फिलहाल लापता हैं. नेपाल की सरकार ने इन फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पूरे देश में हाई अलर्ट जारी किया है. गृह मंत्रालय ने सभी कैदियों से स्वेच्छा से अपनी जेलों में लौटने या रिपोर्ट करने का नोटिस जारी किया है, अन्यथा उन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
जेल प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां लगातार छापेमारी कर रही हैं और सीमा इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि फरार कैदी नेपाल से बाहर न जा सकें. भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा बलों की चौकसी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 7,735 कैदी या तो वापस लौट आए हैं या फिर उन्हें हिरासत में लेकर जेलों में वापस भेजा गया है. हालांकि, इस दौरान हुई झड़पों में कम से कम दस कैदियों की मौत भी हुई है.

