
एमएमएमयूटी की बीटेक छात्रा इप्शिता को मिला 45 लाख का पैकेज
मदन मोहन मालवीय प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर की छात्रा इप्शिता गुप्ता को अमेजन में 45 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में नौकरी मिली है।
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय की छात्रा इप्शिता गुप्ता का चयन बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेजन में 45 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर हुआ है। वह हैदराबाद में सॉफ्टवेयर डेवलपर इंजीनियर के रूप में कार्य करेंगी।
इप्शिता बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियिरंग अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। अमेजन में उन्हें 1.10 लाख रुपये के मासिक स्टाईपेंड पर इंटर्नशिप का मौका मिला था। इंटर्नशिप के दौरान अच्छे प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया गया है।
इप्शिता शहर के बिछिया कालोनी की रहने वाली हैं। उनके पिता गोपाल दास की बिछिया में ही फुटवियर की दुकान है। इप्शिता ने बताया कि दो राउंड की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के बाद उनका चयन इंटर्नशिप के लिए हुआ था। पेपर और इंटरव्यू में कोडिंग से जुड़े प्रश्न पूछे गए थे।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. वीके द्विवेदी ने बताया कि इप्शिता वर्तमान सत्र में सबसे अधिक पैकेज पाने वाली छात्रा बन गई हैं। यह विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. जेपी सैनी, प्रो. वीके गिरी, प्रो. बीके पांडेय, प्रो. वीके मिश्र, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. डीएस सिंह आदि ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

