बीएमसी में बीजेपी की बड़ी जीत, नहीं चला ठाकरे ब्रदर्स का जादू

महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में हुए चुनावों के परिणाम आ चुके हैं। इस चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को जीत मिली है।

महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में हुए चुनावों के परिणाम आ चुके हैं। इस चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को जीत मिली है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में क़रीब तीन दशकों से चले आ रहे अविभाजित शिव सेना के दबदबे को ख़त्म करते हुए बीजेपी ने जीत हासिल की है।
बीएमसी के सभी 227 वार्डों के नतीजे शुक्रवार की आधी रात को घोषित हुए। 227 सीटों वाली बीएमसी में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिए और महायुति ने 118 सीटें जीत ली हैं। बीएमसी के चुनावों में बीजेपी ने सबसे अधिक 89 सीटें जीती हैं। वहीं, उसकी सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) के खाते में 29 सीटें आई हैं।
मुंबई में ठाकरे भाइयों यानी शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। शिवसेना (यूबीटी) को 65 और एमएनएस को छह सीटों पर जीत मिली है। बीएमसी में कांग्रेस ने प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. कांग्रेस के खाते में 24 सीटें आई हैं, जबकि वंचित बहुजन अघाड़ी एक भी सीट नहीं जीत पाई। इनके अलावा बीएमसी में एआईएमआईएम ने आठ, एनसीपी (अजित पवार) ने तीन, समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीतीं, जबकि एनसीपी (शरद पवार) को सिर्फ़ एक सीट पर ही जीत मिली।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य के निकाय चुनावों में मिली हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि ‘जनता की इच्छा सर्वोपरि है और हम उसे पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button