
एशिया कप 2025: भारत से हार के बाद भड़का पाकिस्तान, हाथ न मिलाने पर बायकॉट की धमकी
सार: एशिया कप में भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) भड़क गया। भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाने पर पीसीबी ने मैच रैफरी एंडी पायक्राफ्ट पर आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की। चेतावनी दी गई कि मांग न मानने पर 17 सितंबर को यूएई के खिलाफ मैच का बायकॉट किया जाएगा।
विस्तार: एशिया कप में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम का गुस्सा सातवें आसमान पर है। हार से ज्यादा पाकिस्तान को तब शर्मिंदगी हुई जब भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया। इस घटना ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को भड़कने पर मजबूर कर दिया है।
पीसीबी ने सोमवार को आईसीसी के सामने औपचारिक शिकायत दर्ज करते हुए मैच रैफरी एंडी पायक्राफ्ट पर आचार संहिता और क्रिकेट की भावना से जुड़े एमसीसी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। बोर्ड ने पायक्राफ्ट को टूर्नामेंट से तुरंत हटाने की मांग की है। पायक्राफ्ट भारत-पाकिस्तान मुकाबले में मैच रैफरी थे।
पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “पीसीबी ने क्रिकेट की भावना और आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के खिलाफ मैच रैफरी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। हमने पायक्राफ्ट को एशिया कप से तुरंत हटाने की मांग की है।”
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने चेतावनी दी है कि यदि उसकी मांगें पूरी नहीं होतीं तो वह 17 सितंबर को यूएई के खिलाफ होने वाले अगले मैच का बायकॉट कर सकता है। इस मैच में भी पायक्राफ्ट रैफरी के तौर पर नियुक्त हैं।
इससे पहले पीसीबी ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के समक्ष भारतीय खिलाड़ियों के व्यवहार को खेल भावना के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया था। टीम मैनेजर नवीद चीमा ने कहा कि मैच के बाद हाथ न मिलाना खेल के मूल सिद्धांतों और मर्यादाओं का उल्लंघन है। विरोध के रूप में पाकिस्तान ने अपने कप्तान को पोस्ट-मैच सेरेमनी में नहीं भेजा।

