
हिमाचल में लैंडस्लाइड हादसे में हुई 18 मौत, पीएम ने किया मुआवज़े का एलान
भूस्खलन का मलबा सीधे बस की छत पर आया गया। अब तक इसमें 18 लोगों की मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बचाव दल की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन की चपेट में एक बस आ गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि करीब 35 लोग बस में सवार थे। घटना करीब साढ़े छह बजे हुई है। चालक और परिचालक की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
हादसे पर प्रधानमंत्री ने शोक जताया है। मृतकों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मुआवज़े की भी घोषणा की है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए एक्स पोस्ट में लिखा है, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए हादसे में हुई जनहानि से दुखी हूं. इस मुश्किल घड़ी में हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.”
“पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिवार को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा.”
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस पर दुख जताया है और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “बिलासपुर ज़िले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट के पास हुए भीषण भूस्खलन की ख़बर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है.”
हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. सीएम ने कहा कि अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, “इस कठिन घड़ी में मैं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हूं.”

