
पाकिस्तान के हमले में तीन क्रिकेटरों की मौत, अफगानिस्तान का ट्राई सीरीज में खेलने से इनकार
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान के हवाई हमले में अफ़ग़ानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई, जिसके बाद अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने दुख जताया और पाकिस्तान के साथ आगामी त्रिकोणीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से नाम वापस ले लिया।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान तालिबान के बीच चल रहा तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को इस्लामाबाद और काबुल के 48 घंटे के सीजफायर को आगे बढ़ाने की सहमति के कुछ देर बाद ही पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक किया। इस हमले में अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई है। अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक़, ‘पाकिस्तानी हमले’ में तीन खिलाड़ियों- क़बीर, सिबग़तुल्लाह और हारून के अलावा पांच अन्य नागरिकों की मौत हुई है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपने तीन क्रिकेटरों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के साथ आगामी त्रिकोणीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से नाम वापस लेने की घोषणा की। एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में एसीबी ने कहा, “अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले के बहादुर क्रिकेटरों की दुखद शहादत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करता है, जिन्हें आज शाम पाकिस्तानी शासन द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में निशाना बनाया गया।”
इससे पहले शुक्रवार को, टोलो न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी पक्तिका प्रांत में कई हवाई हमले किए, जिससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच हाल ही में हुए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन हुआ।ये घातक हमले दोनों देशों के बीच कई दिनों तक चली भीषण सीमा पार झड़पों के बाद 48 घंटे के युद्धविराम समझौते के बीच हुए हैं।

