
लाखों दीयों से रोशन अयोध्या योगी ने जलाया पहला दीप
पवित्र नगरी अयोध्या में रविवार शाम दिव्य नजारा देखने को मिला। दीपोत्सव के नौवें संस्करण में भगवान श्री राम की पावन धरा को 26 लाख 17 हजार 215 दीपों से जगमगा कर एक नया विश्व कीर्तिमान बनाया गया।
दीपोत्सव पर अयोध्या राम मंदिर सहित सम्पूर्ण श्रीराम जन्मभूमि परिसर दिव्य प्रकाश से आलोकित हो उठा। पहला दीप सीएम योगी ने प्रज्ज्वलित किया। चौदह वर्षों के वनवास के बाद लंका विजय कर अयोध्या लौटे प्रभु श्री राम के आगमन की खुशी में आयोजित होने वाले दीपोत्सव पर रविवार को राम मंदिर परिसर दिव्य प्रकाश से आलोकित हो उठा। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने दो नए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बनाए। पहला, शहर भर में 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाने का और दूसरा 2,128 वेदाचार्यों, पुजारियों और साधकों द्वारा एक साथ मां सरयू की आरती करने का।
बयान के मुताबिक, दोनों उपलब्धियों की ड्रोन के जरिए गणना करके पुष्टि की गई और उन्हें ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के प्रतिनिधियों द्वारा प्रमाणित किया गया।
डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और स्थानीय संगठनों के 32 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने इस उपलब्धि को संभव बनाया। आदित्यनाथ के आह्वान पर अयोध्या भर के घरों, मंदिरों, मठों, आश्रमों और सार्वजनिक चौराहों पर दीप जलाए गए। शाम का समापन रामकथा पार्क में एक भव्य आरती के साथ हुआ, जहां मुख्यमंत्री, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों और संतों ने भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान की पूजा की।
जैसे ही पृष्ठभूमि में ‘राम आए अवध की ओर सजनी’ की गूंज हुई, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई और श्री राम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक ने वातावरण को भक्ति और गौरव से भर दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन की शुरुआत और अंत भगवान राम, माता सीता, मां सरयू और हनुमान जी की स्तुति के साथ किया और कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव ‘सनातन धर्म में आस्था, एकता और गौरव’ का प्रतीक है।

