
बिहार चुनाव में जनता तय करेगी मुख्यमंत्री का चेहरा: जामताड़ा में बोले कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर
सार: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने जामताड़ा में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा जनता और चुने गए विधायक तय करेंगे. कांग्रेस सभी सीटों पर लड़ेगी और मजबूत सरकार देगी. उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया और बीएलए को चौकीदार बताया. आगे उन्होंने कहा कि शराबबंदी पर फैसला जनता की राय से होगा.
जामताड़ा पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कांग्रेस नहीं, बल्कि जनता और चुनाव के बाद चुने गए विधायक तय करेंगे। ठाकुर के मुताबिक कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत के बाद जनता द्वारा चुने गए विधायक ही तय करेंगे कि राज्य कौन चलाएगा।
राजेश ठाकुर ने जोर देकर कहा कि चुनाव में न तो सीटों का आंकड़ा मायने रखता है और न ही मुख्यमंत्री का चेहरा, असली अहमियत जनता और उसके फैसले की है। उनका दावा है कि जनता मन बना चुकी है और इस बार कांग्रेस न सिर्फ मजबूती से उतरेगी बल्कि एक मजबूत सरकार भी देगी।
संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश प्रभारी राजू के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान, जामताड़ा में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में ठाकुर ने यह बातें कहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस बिहार में एक मजबूत सरकार बनाने के लिए तैयार है।
एसआईआर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एसआईआर भी होगा और वोट चोरी भी पकड़ी जाएगी। बीएलए हमारे चौकीदार होंगे जो गड़बड़ियों को रोकेंगे। भाजपा पर आरोप लगाते हुए ठाकुर ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने और टिके रहने के लिए वोट चोरी कर रही है।
बिहार में शराबबंदी पर उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो जनता की राय के आधार पर ही निर्णय लिया जाएगा। उनका आरोप था कि वर्तमान शराबबंदी सिर्फ राजस्व चोरी के लिए लागू की गई है।

