भारतीय टीम ने पहली बार स्क्वैश विश्व कप जीत रचा इतिहास

भारत ने 2025 स्क्वैश वर्ल्ड कप का खिताब हासिल करके इतिहास रच दिया है। फाइनल में भारत का मुकाबला हांगकांग से था। जोशना चिनप्पा, अभय सिंह और अनाहत सिंह ने भारत को आसानी से जीत दिला दी।

भारत ने स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। यह पहली बार है जब किसी एशियाई देश ने खिलाफ को अपने नाम किया है। रविवार को फाइनल मुकाबले में भारत ने हांगकांग को 3-0 से करारी शिकस्त दी। इससे पहले भारतीय टीम कभी भी फाइनल में नहीं पहुंची थी। 2023 में टीम को सेमीफाइनल में हार मिली थी। 2028 लॉस एंजिल्स में इस खेल का ओलंपिक में भी डेब्यू होने जा रहा है।
भारतीय टीम का प्रदर्शन इस मिक्स्ड-टीम इवेंट में शानदार रहा। टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त भारत ने एक भी मुकाबला गंवाए बिना खिताब अपने नाम किया। ग्रुप स्टेज में भारत ने स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका और सेमीफाइनल में दो बार की चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात दी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “पहली बार विश्व कप ख़िताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय स्क्वैश टीम को हार्दिक बधाई। ” उन्होंने जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिल कुमार और अनाहत सिंह के अच्छा प्रदर्शन करने पर उनकी तारीफ़ की।
प्रधानमंत्री ने लिखा, “उनकी इस सफलता ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। यह जीत युवाओं के बीच स्क्वैश की लोकप्रियता को भी बढ़ावा देगी।”
स्क्वैश विश्व कप में भारत का यह दूसरा पदक है। इससे पहले भारत 2023 वर्ल्ड कप में तीसरे स्थान पर रहा था। इस जीत से भारत में स्क्वैश के विकास के लिए एक अच्छी नींव रखी जाने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button