
नवजोत कौर सिद्धू ने छोड़ी कांग्रेस, कहा अच्छे नेताओं की कद्र नहीं
पंजाब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पार्टी से इस्तीफा देकर प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा की।
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि ‘कांग्रेस में किसी भी भरोसेमंद नेता की बात नहीं सुनी जाती’
उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर भी निशाना साधते हुए उन पर पार्टी संगठन को ‘नुकसान पहुंचाने’ का आरोप लगाया है।
नवजोत कौर सिद्धू ने वडिंग को ‘अब तक का सबसे नाकाब़िल और भ्रष्ट अध्यक्ष’ बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया, “मेरे पास आपके (अमरिंदर सिंह राजा वडिंग) ख़िलाफ़ काफ़ी सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि मैंने खु़द कांग्रेस छोड़ दी है जहां किसी भी भरोसे वाले नेता की बात नहीं सुनी जाती।
गौरतलब है कि इससे पहले भी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि नवजोत सिंह सिद्धू तभी सक्रिय राजनीति में लौटेंगे, जब पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करेगी। उनके इस बयान से कांग्रेस के भीतर विवाद और गहरा गया था. बताया जा रहा था कि मतभेद सुलझाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
अब उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज़ हैं कि डॉ. सिद्धू भविष्य में बीजेपी का रुख कर सकती हैं, हालांकि उन्होंने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। कांग्रेस के लिए इसे पंजाब में एक बड़े राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
इसके बाद किए एक पोस्ट में उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ़ करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा।

