
महाराष्ट्र में गरबा को लेकर सियासत तेज़
महाराष्ट्र में विश्व हिंदू परिषद ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि गरबा पंडालों में प्रवेश के लिए सख्त दिशा निर्देश जारी किए जा रहे, गरबा पंडाल में केवल हिंदू समुदाय के लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी.
महाराष्ट्र में विश्व हिंदू परिषद ने प्रेस कांफ्रेंस कर गरबा पंडालों में प्रवेश के लिए सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं. इन दिशा निर्देशों के अनुसार, गरबा पंडाल में केवल हिंदू समुदाय के लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी. प्रवेश करने वाले लोगों को माथे पर तिलक लगाना होगा, हाथ में रक्षा सूत्र बांधना होगा, और देवी की पूजा करनी होगी. साथ ही, उन पर गोमूत्र का छिड़काव भी किया जाएगा. इन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश द्वार पर भगवान विष्णु के वराह अवतार की तस्वीर लगाई जाएगी और पंडाल में प्रवेश करने वालों को पहले उनकी पूजा करनी होगी, तब ही प्रवेश कर पाएंगे.
विश्व हिंदू परिषद के विदर्भ के महामंत्री प्रशांत तितरे ने इस बात की जानकारी दी. दूसरी ओर गरबा पंडालों में प्रवेश को लेकर विश्व हिंदू परिषद द्वारा बनाए गए सख्त दिशा निर्देशों पर सियासी दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.
शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने कहा कि इस देश में धार्मिक और कट्टर माहौल बनाने का काम ही उनकी रोजी-रोटी है. मैं सर्वधर्म समभाव सामंजस्य स्थापित करने की बातें नहीं कर रहा हूं, ठीक है, लेकिन जिस प्रकार से यह जहर बोने का काम चालू है, वह महाराष्ट्र को और देश को शोभा नहीं देता
इस संबंध में कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि वे धर्म की आग लगाकर, समाज में दरार डालकर धर्म की राजनीति करना चाहते हैं, तो उन्हें करने दीजिए. विश्व हिंदू परिषद का ये कोई नया बयान नहीं है, ये देश को अस्थिर करने के लिए ही पैदा हुआ है.

