गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व सीएम रवि नाइक का निधन

गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाईक का 79 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का बुधवार सुबह कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार 79 वर्षीय नाइक को पणजी से करीब 30 किलोमीटर दूर उनके गृहनगर में कार्डियक अरेस्ट आया. इसके बाद उन्हें तुरंत पोंडा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 1 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रवि नाइक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बहू और तीन पोते-पोतियों को छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 3 बजे किया जाएगा.
रवि नाइक के पार्थिव शरीर को पोंडा के खड़पबंध स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। इस दौरान हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
पीएम मोदी समेत गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘गोवा सरकार में मंत्री रवि नाइक के निधन से दुखी हूं. वे एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित जनसेवक थे, जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया. वे विशेष रूप से वंचित और पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित थे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों और समर्थकों के साथ हैं.’
रवि नाइक पोंडा विधानसभा से 7 बार विधायक रहे. उनका सियासी सफर काफी दिलचस्प रहा। 1984 में वो पहली बार महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के टिकट पर पोंडा से विधायक चुने गए. इसके बाद 1989 में वो मर्केम विधानसभा से चुनाव जीते. 1999, 2002, 2007 और 2017 में रवि नाइक कांग्रेस के टिकट पर पोंडा से चुनाव जीते और 2022 में उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की.
रवि नाइक 2 बार गोवा के मुख्यमंत्री बने. जनवरी 1991 से मई 1993 तक उन्होंने पहली बार राज्य का दारोमदार संभाला था। वहीं, दूसरी बार 1994 में वो 6 दिन के लिए गोवा के मुख्यमंत्री बने थे. 1998 में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने नॉर्थ गोवा सीट से संसदीय चुनाव भी जीता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button