
मोहद्दीपुर पुलिया से सहारा स्टेट तक बन रहा रिंग रोड…..मिलेगी जाम से राहत
तेजी से हो रहा निर्माण कार्य, सड़क की चौड़ाई होगी डबल।इस मार्ग के तैयार होने से शहर में प्रवेश और निकास का एक रास्ता मिल जाएगा, जिससे जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
गोरखपुर। रामगढ़ताल किनारे मोहद्दीपुर पुलिया से सहारा स्टेट तक बन रहा लगभग 4 किलोमीटर लंबा रिंग रोड कुनराघाट, महादेव झारखंडी सहित कई मोहल्लों के लोगों के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आया है। इस रिंग रोड की सड़क 15 मीटर चौड़ी होगी और इसे डबल लेन का स्वरूप दिया जा रहा है। इस मार्ग के तैयार होने से शहर में प्रवेश और निकास का एक रास्ता मिल जाएगा, जिससे जाम से बड़ी राहत मिलेगी। अभी इस रास्ते से गुजरने में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मोहद्दीपुर पुलिया से सहारा स्टेट तक बनने वाले इस रिंग रोड का निर्माण कार्य जारी है। फिलहाल मोहद्दीपुर पुलिया से आगे यादव टोला के पीछे लगभग 500 मीटर तक मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। इसके पहले वाले हिस्से में बोल्डर पिचिंग का काम पूरा हो चुका है। थोड़ी दूरी आगे 200 मीटर तक मिट्टी के लेवलिंग और उसे दबाने का कार्य अभी जारी है। प्रदूषण चौराहे के पीछे भी निर्माण कार्य प्रगति पर है।
करीब 4 किलोमीटर लंबे इस रिंग रोड को 15 मीटर की चौड़ाई के साथ तैयार किया जा रहा है। इसे डबल लेन बनाया जा रहा है ताकि इस रोड से गुजरने वाले लोगों को कोई भी असुविधा न हो।
झारखंडी मंदिर क्षेत्र के निवासी विकास गुप्ता ने बताया कि शहर के मुख्य मार्गों पर अक्सर लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने में रिंग रोड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रिंग रोड बन जाने से लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी और बार-बार शहर में घूमकर जाने की परेशानी खत्म होगी। वहीं स्थानीय निवासी शिवा ने कहा कि सड़क बनने के बाद शहर में प्रवेश और निकासी काफी आसान हो जाएगी।

