सीएम योगी का गोरखपुर वासियों को बड़ी सौगात, करेंगे गोरखनाथ ओवरब्रिज का लोकार्पण

गोरखपुर में नवनिर्मित गोरखनाथ ओवरब्रिज का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जिससे एक लाख से अधिक लोगों का यातायात सुगम होगा। गोरखनाथ मंदिर और नेपाल जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी और जाम से मुक्ति मिलेगी। इस ओवरब्रिज के निर्माण पर 137.83 करोड़ रुपये की लागत आई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों 19 दिसंबर (शुक्रवार) को गोरखनाथ रोड स्थित नव निर्मित गोरखनाथ ओवरब्रिज का लोकार्पण होगा। नेपाल तक की कनेक्टिविटी वाले धर्मशाला-गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर नए ओवरब्रिज के निर्माण पर 137.83 करोड़ रुपये की लागत आई है । इस रूट पर एक ओवरब्रिज पहले से है। लेकिन ट्रैफिक लोड बढ़ने के कारण पुराने ओवरब्रिज के समानांतर एक और ओवरब्रिज बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार के अनुसार दो लेन के नए ओवरब्रिज की कुल लंबाई 600.653 मीटर और चौड़ाई 7.50 मीटर है। इसमें रेलवे भाग की लंबाई 76 मीटर है। नए ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू होने पर गोरखनाथ की तरफ आने वाले वाहनों को पुराने ओवरब्रिज पर नहीं जाना होगा। आने-जाने के लिए अलग-अलग ओवरब्रिज होने से जाम भी नहीं लगेगा।
गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर दो ओवरब्रिज हो जाने से शहर के उत्तर पश्चिम क्षेत्र में आने-जाने वालों, सोनौली रोड आने-जाने वाले लोगों की यात्रा काफी सुविधाजनक हो जाएगी। इसके अलावा मकर संक्रांति से शुरू होने वाले खिचड़ी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन की बड़ी सहूलियत मिल जाएगी।
नया ओवरब्रिज शहर में पहले से मौजूद ओवरब्रिज से विशेष है। इसके दोनों किनारों पर व्यू कटर भी लगाया गया है। इससे ओवरब्रिज के समीप के घरों की निजता बनी रहेगी और उन्हें वाहनों की आवाज भी कमतर सुनाई देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button