
गोरखपुर में महिला की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी: ग्रामीणों ने ड्रोन चोर गिरोह पर जताया शक
आयाम स्वरूप, गोरखपुर | पीपीगंज क्षेत्र के भुई धरपुर गांव में शुक्रवार सुबह 50 वर्षीय कलावती यादव की सिर कटी लाश खेत में मिली। शव घर से करीब 500 मीटर दूर पड़ा था और पास में हंसिया भी बरामद हुई। महिला गुरुवार दवा लेने गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने पहचान की तो गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने हत्या के पीछे ड्रोन चोर गिरोह का हाथ बताया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला की सिर कटी लाश बरामद हुई। महिला का सिर धड़ से अलग पड़ा था और चेहरा जमीन में धंसा हुआ था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। शव के पास से एक हंसिया भी मिली। सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने लाश देखकर पुलिस को सूचना दी।
हेलमेट की तरह उठाया सिर, तब हुई पहचान
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का सिर हेलमेट की तरह उठाकर अलग किया, जिसके बाद गांव वालों ने महिला की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हत्या ड्रोन से चोरी करने वाले गिरोह ने की है। यह घटना पीपीगंज थाना क्षेत्र की है।
घर से 500 मीटर दूर मिला शव
मृतका की पहचान 50 वर्षीय कलावती यादव के रूप में हुई है। वह भुई धरपुर ग्राम पंचायत की रहने वाली थीं। उनके पति दर्शन यादव का पहले ही निधन हो चुका है। कलावती के दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे राजेश की शादी हो चुकी है, जबकि छोटे बेटे जितेंद्र की शादी 4 दिसंबर को होनी है। बेटी की भी शादी हो चुकी है। दोनों बेटे बाहर नौकरी करते हैं। कलावती का शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला।
दवा लेने गई थीं, रात तक नहीं लौटीं
महिला की बहू उत्तरा देवी ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे वह दवा कराने घर से निकली थीं। उन्होंने कहा था कि वह भुई धरपुर के पास मंगरू चौराहे पर बंगाली डॉक्टर के पास जाएंगी, लेकिन बाद में पता चला कि वह पीपीगंज डॉक्टर के पास चली गईं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उनकी मौत की खबर मिली। शव सड़क किनारे खेत में पड़ा था।
परिवार पर डबल सदमा इसलिए टूटा क्योंकि छोटे बेटे जितेंद्र की शादी 4 दिसंबर को तय है। वहीं, दिवाली पर पति और देवर घर आने की तैयारी कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों बेटे पुणे और राजकोट से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
ड्रोन चोर गिरोह पर शक
ग्रामीणों का कहना है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया। उनका आरोप है कि इसके पीछे ड्रोन वाले चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। पिछले कुछ दिनों से गांव में ड्रोन उड़ने और चोरी की अफवाहें फैल रही हैं। रात में हंगामा मचता है, लेकिन अब तक पुलिस किसी को पकड़ नहीं पाई है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को बेनकाब किया जाएगा।

