
हज यात्रियों को स्मार्ट बैंड से मिलेगी सहूलियत, हज कमेटी की नई व्यवस्था
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2026 को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए एक नई व्यवस्था लागू की है। इस वर्ष सऊदी अरब जाने वाले सभी भारतीय हज यात्रियों को एक विशेष स्मार्ट बैंड दिया जाएगा, जो अनिवार्य रूप से पहनना होगा।
हज यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई है। हज यात्रा के लिए आवेदन भी किये जा चुके हैं। साथ ही इस यात्रा को लेकर सऊदी अरब ने कई महत्वपूर्ण बदलाव भी कर दिए हैं। इस बार मियां-बीवी अलग-अलग कमरों में रुकेंगे। साल 2026 की हज यात्रा अप्रैल-मई में होगी। यूपी से 18 हजार से ज्यादा यात्री हज यात्रा पर जाएंगे। वहीं इस बार हज यात्रा को सुरक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने एक नई व्यवस्था लागू की है।
इस साल हज जाने वाले यात्रियों को स्मार्ट बैंड पहनाया जाएगा। इसके लिए हर यात्री को पांच हजार रुपये देने होंगे। यह स्मार्ट बैंड यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
इसमें कॉलिंग सुविधा, एसओएस इमरजेंसी बटन, रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग, किबला कंपास, नमाज के समय का अलर्ट और स्वास्थ्य मॉनिटरिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। स्वास्थ्य निगरानी में हृदय गति, ऑक्सीजन स्तर और पेडोमीटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यह स्मार्ट बैंड खासतौर पर बुजुर्ग यात्रियों और उन लोगों के लिए उपयोगी होगा। जिन्हें स्मार्टफोन ऐप के इस्तेमाल में कठिनाई होती है। हज के दौरान मक्का और मदीना में भारी भीड़ के कारण कई बार यात्री अपने समूह से बिछड़ जाते हैं या आपात स्थिति में सहायता नहीं ले पाते। ऐसे में यह बैंड बेहद कारगर साबित होगा।
स्मार्ट बैंड को हज सुविधा ऐप से जोड़ा जाएगा। जिससे जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के कंट्रोल रूम से यात्रियों की निगरानी की जा सकेगी। एसओएस बटन दबाते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट मिलेगा और सहायता टीम तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी।

