
कटक में दो समुदायों के बीच तनाव, 36 घंटे का कर्फ़्यू, इंटरनेट बंद
ओडिशा के कटक में दो समुदायों के बीच तनाव और हिंसक घटनाओं के बाद इंटरनेट और सोशल मीडिया को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. शहर के ज़्यादातर हिस्सों में 36 घंटों के लिए कर्फ़्यू लगाया गया है.
कटक के दरगाहबाजार इलाके में हाथी पोखरी के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हिंसा भड़क उठी, जब एक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस कथाजोड़ी नदी के किनारे देबिगारा की ओर बढ़ रहा था. पुलिस के अनुसार, तनाव तब शुरू हुआ जब कुछ स्थानीय लोगों ने जुलूस के दौरान तेज आवाज में बज रहे म्यूजिक पर आपत्ति जताई. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो समुदायों के बीच वाद-विवाद जल्द ही टकराव में बदल गया.
पुलिस कमिश्नर एस देबदत्त सिंह ने मीडिया को बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है. उन्होंने कहा, “रविवार को अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद विश्व हिन्दू परिषद के कर्मियों ने बाइक रैली का आयोजन किया. सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाक़ों में उन्होंने पहुंचने की कोशिश की.”
उन्होंने बताया, “पुलिस ने उन्हें रोका. प्रदर्शन के दौरान पुलिस के ऊपर पत्थर फेंके गए, जिसमें आठ पुलिसकर्मी घायल गए हैं. स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. कुल 25 लोग घायल हुए हैं. शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”
हिंसक घटनाओं के बाद इंटरनेट और सोशल मीडिया को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. शहर के ज़्यादातर हिस्सों में 36 घंटों के लिए कर्फ़्यू लगाया गया है. विश्व हिन्दू परिषद की ओर से सोमवार को कटक में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया गया है.
बीजू जनता दल (BJD) ने हिंसा की निंदा की और असामाजिक तत्वों को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने का दोषी ठहराया. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और अधिकारियों को घायलों को मुफ्त चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

