
देश में पहली सरकारी टैक्सी सेवा शुरू
देश में पहली सरकारी टैक्सी सेवा शुरू होने वाली है. शुरुआती दौर में दिल्ली में नवंबर से इसकी शुरुआत होगी.
देश में पहली सरकारी टैक्सी सेवा शुरू होने वाली है. इस सर्विस का नाम- भारत टैक्सी है. पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ये सबसे पहले दिल्ली में नवंबर से शुरू होगी, 650 ड्राइवर साथ रहेंगे. देश के बाकी राज्यों में दिल्ली के बाद विस्तार होगा. देश भर में पांच हजार ड्राइवर इस योजना के साथ जुड़ेंगी, जिसमें महिला ड्राइवरें भी शामिल हैं.
भारत टैक्सी पहली राष्ट्रीय सहकारी राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे सहकारिता मंत्रालय और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिविजन ने मिलकर शुरू किया है. इसमें ड्राइवर भी सह-मालिक होंगे. सरकार ने सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के साथ हाल ही में इसके लिए एमओयू साइन किया है.
भारत टैक्सी का ऐप भी ओला और ऊबर जैसा ही होगा. नवंबर में ऐप स्टोर से इसे डाउनलोड किया जा सकता है. चार भाषाओं (हिंदी, गुजराती, मराठी और अंग्रेजी) में इस ऐप को इस्तेमाल किया जा सकता है.
खास बात है कि इस ऐप द्वारा की गई हर राइड का 100 प्रतिशत पैसा सिर्फ ड्राइवर को ही मिलेगा. दैनिक, साप्ताहिक या फिर मासिक आधार पर ड्राइवर को शुल्क देना होगा और ये शुल्क बहुत ही सामान्य होगा.
इस ऐप की मदद से महिला ड्राइवर्स को भी काम करने का मौका मिलेगा. पहले चरण में सिर्फ 100 महिलाएं ही जुड़ेंगी. 2030 तक इनकी संख्या 15 हजार की जाएगी. महिलाओं को 15 नवंबर से फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी. उन्हें स्पेशल बीमा भी दिया जाएगा.

