
क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का लंबी बीमारी के बाद निधन
रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह को गंभीर हालत में करीब तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पिता की गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ही अपने पिता से मिलने आए थे.
क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार तड़के ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह के पिता ‘एडवांस स्टेज लिवर कैंसर’ से जूझ रहे थे.
उन्होंने कहा, “हाल के दिनों में उनकी हालत काफ़ी बिगड़ गई थी, जिसके बाद 21 फ़रवरी को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था और शुक्रवार तड़के उनका निधन हो गया.”
रिंकू सिंह के पिता की मौत पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शोक जताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “खानचंद सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं रिंकू सिंह और उनके समस्त परिवार के साथ हैं.”
रिंकू सिंह के पिता गैस गजेंसी में हॉकर का काम करते थे। रिंकू पांच भाई- एक बहन में तीसरे नंबर के हैं. रिंकू के पिता खानचंद ने गैस एजेंसी के दिए हुए दो कमरों के मकान में अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर गुजर बसर किया. रिंकू को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था. पिता खानचंद पूरे दिन कंधों पर सिलिंडर ढोकर जो कमाते थे, उसमें से ही रिंकू के लिए गेंद, बल्ला आदि सामान लाकर देते थे.

