
गोरखपुर से पुरी धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा को मिली मंजूरी
गोरखपुर से पुरी धाम जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन अयोध्या, गोरखपुर और पटना जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद दिया।
गोरखपुर से पुरी धाम (जगन्नाथपुरी, ओडिशा) जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी राहत वाली सूचना है। सांसद रवि किशन शुक्ला के प्रयासों से गोमती नगर (लखनऊ) से शुरू होकर अयोध्या, गोरखपुर, पटना होते हुए पुरी रेलवे स्टेशन तक सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का रास्ता अब साफ़ हो गया है। सांसद ने रेलवे प्रशासन की ओर से इसे रेल सेवा काे मंजूरी मिलने की सूचना साझा करते हुए कहा कि जल्द ही सुपर फास्ट ट्रेन का संचलन शुरू हो जाएगा।
सांसद ने बताया कि रेल मंत्रालय की ओर से उन्हें भेजे गए पत्र में जानकारी दी गई है कि गोमती नगर से मलतीपीठापुर (पुरी) वाया गोरखपुर मार्ग पर ट्रेन संचालन का प्रस्ताव तैयार है और रेल बोर्ड की स्वीकृति के बाद इसका संचालन शीघ्र प्रारंभ होगा।
सांसद रवि किशन शुक्ला ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर- रेलवे महाप्रबंधक गोरखपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और ओडिशा को धार्मिक पर्यटन के माध्यम से जोड़ने का कार्य करेगी। अयोध्या से लेकर जगन्नाथ पुरी धाम तक जाने वाले श्रद्धालुओं को अब सीधी रेल सुविधा मिलेगी। यह प्रधानमंत्री मोदी के तीर्थ विकास और कनेक्टिविटी मिशन’ को सशक्त करने वाला कदम है।

