गोरखपुर शहर में 13 जगहों पर बनेंगी नगर निगम की दुकानें

गोरखपुर शहर की सूरत बदलने जा रही है। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 नए स्थानों पर निगम की दुकानों के निर्माण की योजना तैयार की है। इन दुकानों का निर्माण शीघ्र शुरू होगा।

गोरखपुर। नगर निगम ने आय बढ़ाने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 नए स्थानों पर निगम की दुकानों के निर्माण की योजना तैयार की है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में जमीन का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है। निगम प्रशासन का कहना है कि जल्द ही दुकानों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
निगम की ओर से जिन स्थानों को दुकान निर्माण के लिए चयनित किया गया है, उनमें नौसड़ में चार स्थल शामिल हैं, जिन्हें व्यावसायिक दृष्टि से अत्यधिक संभावनाओं वाला माना जा रहा है। पथरा क्षेत्र में एक, हरसेवकपुर में तीन, गुलरिहा में दो, जटेपुर में एक और लच्छीपुर में दो स्थान दुकान निर्माण के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। इन क्षेत्रों का चयन जनसंख्या घनत्व, बाजार की आवश्यकताओं और नगर निगम की भविष्य की राजस्व रणनीति को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर निगम की टीम ने जमीन चिह्नित की है। उनका कहना है कि इन दुकानों के निर्माण से न केवल निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को व्यवस्थित रूप से व्यापार करने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान भी मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button