
पंजाब CM को जान से मारने की धमकी, घातक केमिकल पोलोनियम देने का दावा
धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हॉस्पिटल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात हो चुका है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की ओर से यहां पर गहन जांच की जा रही है।
पंजाब के CM भगवंत मान मोहाली के जिस फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, उसे दोपहर 1.11 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ भेजे गए धमकी भरे मेल में CM मान को लेकर लिखा गया है कि भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने उन्हें पोलोनियम से संक्रमित किया है।
धमकी भरे मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर लिखा गया है कि भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने उन्हें पोलोनियम से संक्रमित किया है। अगर वह बच गए तो बेअंत जैसा हाल करेंगे। फोर्टिस अस्पताल से सीएम भगवंत मान की लाश ही निकलेगी। आपको बता दें कि पंजाब के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह को चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम से उड़ाया गया था। धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एहतियातन स्कूल परिसर और अस्पताल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात हो चुका है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की ओर से यहां पर गहन जांच की जा रही है।
पोलोनियम-210 (Po-210) एक दुर्लभ और घातक रेडियोएक्टिव तत्व है। यह अल्फा विकिरण उत्सर्जित करता है और अगर इसे खाने, पीने या सांस के जरिए शरीर में लिया जाए तो यह DNA और अंदरूनी अंगों को तेजी से नुकसान पहुंचाता है। इसके शुरुआती लक्षण उल्टी और डायरिया हैं। सबसे खतरनाक बात यह है कि इसका कोई एंटीटोड नहीं है।

