
“गोरखपुर आएं, 3000 वाला जैकेट 1600 में पाएं”: GST पर रवि किशन का अखिलेश को न्योता, ज़ुबानी जंग जारी!
जीएसटी पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और भाजपा सांसद रवि किशन में जुबानी जंग छिड़ गई है. रवि किशन के जीएसटी से कीमतों में 50% छूट वाले बयान पर अखिलेश ने उन्हें 'अज्ञानी' कहा था. इसके जवाब में, रवि किशन ने अखिलेश को गोरखपुर आकर 3,000 की जैकेट 1,600 में देखने का न्योता दिया और कहा कि सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए लोग गरीबी नहीं समझेंगे.
भाजपा सांसद रवि किशन ने एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। जीएसटी को लेकर दिए अपने बयान पर अखिलेश यादव द्वारा ‘अज्ञानी’ कहे जाने के बाद रवि किशन ने पलटवार किया।
दरअसल, 22 सितंबर को रवि किशन ने दावा किया था कि जीएसटी रिफॉर्म की वजह से कीमतों में 50% तक की कमी आई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा था कि 3,000 रुपए की जैकेट 1,600 रुपए में और 5,000 रुपए का सामान 2,600 रुपए में मिल रहा है। इसके बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उनकी इस बात को ‘अज्ञानता’ बताते हुए निशाना साधा।
रवि किशन का अखिलेश को जवाब:
रवि किशन ने अब इस पर जवाब देते हुए अखिलेश यादव को गोरखपुर आकर खुद देखने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने उनकी बात ध्यान से नहीं सुनी और ट्वीट कर दिया। उन्होंने कहा कि वो अखिलेश को उसी दुकान पर ले जाएंगे, जहां 3,000 की जैकेट 1,600 रुपए में मिल रही है।
रवि किशन ने आगे कहा कि अखिलेश यादव ‘सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं’ और उन्होंने गरीबी नहीं देखी, इसलिए उन्हें एक-दो रुपए की छूट का महत्व समझ नहीं आएगा। उन्होंने कहा, आप धूप, दर्द क्या देखे हो? आपने अखबार बांटे, पिता की टूटी साइकिल देखी, फटी धोती देखी, गांव-समाज का तिरस्कार देखा, नहीं देखा है न। तब आप नहीं समझेंगे।
उन्होंने खुद को ‘गरीब ब्राह्मण का लड़का’ बताते हुए कहा कि उनके लिए 10-20 रुपए की छूट भी बहुत मायने रखती है। उन्होंने कहा कि वो ज्ञानी नहीं हो सकते, लेकिन सच्चे हैं।
आजम खान और भाजपा सरकार पर भी बोले रवि किशन:
अखिलेश द्वारा आजम खान की ज़मानत पर रवि किशन ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में ‘जंगलराज’ नहीं है। उन्होंने कहा कि आजम खान को सिर्फ जमानत मिली है, रिहाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं होता, इसीलिए जनता बार-बार भाजपा को मौका दे रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में भी भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
अखिलेश यादव का शुरुआती बयान:
इस पूरी बहस की शुरुआत अखिलेश यादव के उस पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने रवि किशन के 50% छूट वाले बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “ये झूठे भले न हों, लेकिन अज्ञानी जरूर हैं। जनता ऐसे लोगों को बाजार लेकर जाए और इनके झूठ की पोल खोले।”

