
पार्कों की बदलेगी सूरत, पार्षदों से मांगे गए 12 लाख तक के प्रस्ताव
गोरखपुर नगर निगम शहर के विभिन्न वार्डों में बदहाल पार्कों की स्थिति सुधारने जा रहा है। महापौर के निर्देश पर प्रत्येक वार्ड में पार्कों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के लिए 10 से 12 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
गोरखपुर aaशहर के विभिन्न वार्डों में बदहाल पार्कों की स्थिति सुधरने वाली है। पार्कों में बेंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, वाक-वे निर्माण और पौधारोपण जैसे कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम शहर को सुंदर, स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की दिशा में यह कदम उठाने जा रहा है।
महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव के निर्देशों के क्रम में नगर निगम प्रशासन ने सभी वार्डों में पार्कों समेत खस्ताहाल सड़क-नाली के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी है। योजना के तहत वार्ड स्तर पर पार्कों का सुंदरीकरण के अलावा मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की योजना है। इसके लिए बजट का आवंटन भी सुनिश्चित कर दिया गया है।
- निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में पार्कों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए 10 से 12 लाख तक की राशि खर्च की जाएगी। सभी पार्षदों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने वार्ड में स्थित किसी एक पार्क के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर निर्माण विभाग को जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। इस बजट का उपयोग पार्कों में बेंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, वाक-वे निर्माण और पौधारोपण जैसे कार्यों के लिए किया जा सकेगा।
इसके अलावा नगर निगम की ओर से पार्षदों से मांगे गए प्रस्ताव में इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि जिन वार्डों में भौगोलिक या अन्य कारणों से पार्क उपलब्ध नहीं हैं, वहां के विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। ऐसे वार्डों के पार्षदों को यह छूट दी गई है कि वे अपने क्षेत्र की अन्य प्राथमिकताओं और विकास कार्यों (जैसे नाली निर्माण, सड़क मरम्मत या सामुदायिक सुविधाएं) के लिए 10 से 12 लाख तक के प्रस्ताव निर्माण विभाग को दे सकते हैं।

