
25 मौतों के आरोपी लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड में गिरफ्तार
गोवा के जिस क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी, उसके मालिक गौरव और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से गिरफ्तार कर लिया गया है और उनका पासपोर्ट रद्द कर दिए गए हैं। क्लब में आग लगने के बाद दोनों लूथरा ब्रदर्स भारत छोड़कर फुकेट भाग गए थे।
गोवा के अर्पोरा स्थित नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड मामले में आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में लिए जा चुके हैं। उनके प्रत्यर्पण (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। यह घटनाक्रम गोवा पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और विदेश मंत्रालय की सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है, जो शुरू से ही इस हाई-प्रोफाइल मामले की पड़ताल में जुटे थे।
गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय (MEA) से दोनों भाइयों के पासपोर्ट रद्द करने का अनुरोध किया है। यह कदम इसलिए अहम है ताकि लूथरा ब्रदर्स को कानूनी रूप से भारत प्रत्यर्पित करने में आसानी हो सके। इससे पहले ही सीबीआई की अनुशंसा पर इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया था, जो किसी व्यक्ति का लोकेशन पता लगाने और उसकी गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए जारी होता है।
दिल्ली की रोहिणी अदालत में लूथरा भाइयों की ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सीधे पूछा कि जब आरोपी अदालत के अधिकार क्षेत्र में मौजूद ही नहीं हैं, तो अग्रिम जमानत कैसे दी जा सकती है? अदालत ने कहा कि यह याचिका स्वीकार्य ही नहीं प्रतीत होती।
राज्य के वकील ने भी यही दलील दी कि आरोपी देश से फरार हो चुके हैं और गोवा की अदालत पहले ही उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है। ऐसे में उन्हें किसी भी तरह की राहत देना कानून के मुताबिक संभव नहीं है।
गोवा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण खुलासा किया दोनों भाई आग लगने के तुरंत बाद देश छोड़ने की तैयारी में लग गए थे। 7 दिसंबर को रात 1:17 बजे थाईलैंड के लिए टिकट बुक किए गए। पुलिस और फायर सर्विस जब क्लब में आग बुझाने और लोगों को बचाने में जुटी थी, उसी दौरान लूथरा भाई भारत से निकलने की तैयारी कर रहे थे। अब उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है।
लूथरा ब्रदर्स के वकीलों का दावा था कि क्लब का वास्तविक मालिक कोई और है, जबकि लूथरा भाइयों को गलत तरीके से अभियुक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा के संचालन की जिम्मेदारी तीन बिजनेस पार्टनर्स और एक मैनेजर की थी, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

