राजस्थान केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, जिंदा जले 7 कर्मचारी

राजस्थान में भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक फैक्ट्री भीषण आग की चपेट में आ गई। इस आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिसमें 7 श्रमिकों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

औद्योगिक नगरी भिवाड़ी के खुशखेड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। यहां एक बंद पड़ी फैक्ट्री के भीतर अवैध रूप से चल रहे ‘पटाखा निर्माण’ के दौरान हुए जोरदार धमाकों और भीषण आग ने 7 मजदूरों की जान ले ली। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल दो अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसके लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब प्लॉट नंबर G-1, 118 स्थित एक फैक्ट्री से अचानक धुएं का गुबार उठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते फैक्ट्री के भीतर एक के बाद एक 3 से 4 जोरदार धमाके हुए। धमाके इतने शक्तिशाली थे कि उनकी आवाज दूर-दराज के इलाकों तक सुनी गई। फैक्ट्री में भारी मात्रा में बारूद और गत्ते का स्टॉक जमा था, जिसने आग की लपटों को और ज्यादा भड़का दिया।
कागजों में बंद दिखाई गई इस यूनिट के भीतर किरायेदार द्वारा गुपचुप तरीके से अवैध पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी भी जान बचाकर बाहर की ओर भागे। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली काट दी गई और पड़ोसी फैक्ट्रियों को खाली करा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button