
संजय राउत ने अजित पवार की मौत पर उठाया सवाल
अजित पवार की अचानक मौत पर संजय राउत ने साजिश की आशंका जताई. उन्होंने प्लेन क्रैश की जांच की मांग करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं.
महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की अचानक मौत पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सवाल खड़ा किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, “अजित दादा के एक्सीडेंट पर सवाल ज़रूर उठेंगे, सवाल उठने भी चाहिए। जिस तरह से अजित पवार जैसे नेता की प्लेन क्रैश में मौत हुई और जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उसकी जांच होनी चाहिए। मुझे लगता है कि यहां कुछ गड़बड़ है। ये सवाल अजित दादा की पार्टी उठा रही है। उनकी मौत संदिग्ध है। पर्दे के पीछे कुछ तो हुआ है।”
संजय राउत ने आगे कहा, “अजित दादा ने कहा था कि वह ‘घर लौटना’ चाहते हैं, उसके बाद BJP के लोगों ने उन्हें सिंचाई घोटाले की फाइलों से धमकाया। अजित पवार ने फिर उन्हीं सिंचाई घोटाले की फाइलों पर उन्हें जवाब दिया। उसके 10 दिन के अंदर ही उनकी रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। इससे हम क्या समझते हैं? यह हमें जस्टिस लोया की याद दिलाता है।”
इससे पहले संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पार्टी के कुछ लोग उन्हें NCP के दोनों गुटों को यूनाइट करने से रोक रहे थे, क्योंकि इससे उनकी ‘दुकानें बंद हो जातीं।’

