श्रीलंका में ‘दितवाह’ तूफान ने मचाई तबाही, भारत ने भेजी मदद

श्रीलंका में भारी बारिश और बाढ़ से हालात खराब हैं। ऐसे समय में भारत ने ‘सागर बंधु’ अभियान के तहत तुरंत राहत सामग्री भेजी है। भारतीय वायुसेना और नौसेना के जरिए आवश्यक सामान श्रीलंका पहुंचाया गया।

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी दी है कि चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह से प्रभावित श्रीलंका के लिए भारत ने अब तक 12 टन राहत सामग्री पहुंचाई।
एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, “ऑपरेशन सागरबंधु शुरू हुआ। भारतीय वायुसेना का सी-130 विमान लगभग 12 टन मानवीय मदद लेकर कोलंबो पहुंचा, जिसमें टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट और खाने की चीज़ें शामिल हैं।”
श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (डीएमसी) ने शनिवार सुबह 6 बजे तक 80 लोगों की मौत की पुष्टि की है जबकि कम से कम 34 लोगों का अभी तक पता नहीं चला है। डीएमसी के मुताबिक़ इस आपदा से लगभग 61 हज़ार परिवारों के दो लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को श्रीलंका में आए शक्तिशाली चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ की वजह से हुई मौतों पर दुख जताया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने पड़ोसी देश की जरूरत के समय में मदद के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत तुरंत राहत सामग्री और जरूरी मदद भेजी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि श्रीलंका के उन लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है जिन्होंने साइक्लोन डिटवा के कारण अपने प्रियजनों को खो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button