
सुनेत्रा पवार आज ले सकती हैं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ
महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की नए उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं। राकांपा नेता छगन भुजबल के अनुसार शनिवार को विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद उन्हें शाम को शपथ दिलाई जा सकती है।
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालना तय हो गया है। शनिवार की शाम उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाने की तैयारी है। सुनेत्रा पवार राज्य की पहली उपमुख्यमंत्री होगी। इससे पहले दोपहर में एनसीपी (एपी) के विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।
एनसीपी के वरिष्ठ नेता और राज्य के कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि शनिवार को विधानमंडल के सभी सदस्यों (विधानसभा और विधान परिषद) की बैठक बुलाई है। इसमें विधायक दल के नेता के पद पर चर्चा की जाएगी। कई नेताओं का मानना है कि यह जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को दी जानी चाहिए। इसमें मुझे कुछ भी गलत नहीं लगता। अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में होगा।
सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कह चुके हैं कि जो भी निर्णय लेने की ज़रूरत होगी, वह एनसीपी लेगी।
फडणवीस ने शुक्रवार को कहा, “सरकार और बीजेपी, दोनों ही एनसीपी के हर फ़ैसले का हम पूरी तरह से समर्थन करेंगे। फिलहाल मैं यही कह सकता हूं कि चाहे अजित का परिवार हो या एनसीपी, हम उनके साथ हैं। वे जो भी फ़ैसला लेंगे, हम उन्हें पूरा सहयोग देंगे।”

