
एलन मस्क की होगी अब रिकॉर्ड सैलरी, जानिए क्या होगा पैकेज
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा कॉर्पोरेट पे पैकेज (वेतन पैकेज) मिलने की मंजूरी मिल गई है। टेस्ला के शेयरहोल्डर्स ने इसे 75% से अधिक समर्थन के साथ पास किया। इस प्रस्ताव ने मस्क के उस विजन को बल दिया जिसमें वे टेस्ला को AI और रोबोटिक्स की दिग्गज कंपनी बनाना चाहते हैं। यह वोट कंपनी की सालाना बैठक में ऑस्टिन, टेक्सास में हुआ। मस्क ऑस्टिन की फैक्ट्री में नाचते रोबोट्स संग मंच पर पहुंचे।
इस बैठक में टेस्ला के तीन निदेशकों को फिर से चुना गया और एक नया वेतन प्लान पास किया गया, क्योंकि पुराना प्लान कानूनी विवाद में फंसा हुआ था।
टेस्ला के बोर्ड ने चेतावनी दी थी कि अगर यह प्लान पास नहीं हुआ तो मस्क कंपनी छोड़ सकते हैं। अब पैकेज मंजूर होने से निवेशकों को राहत मिली है कि मस्क का ध्यान फिर से टेस्ला पर रहेगा।
मस्क को यह पैसा तभी मिलेगा जब वह अगले 10 सालों में ये बड़े लक्ष्य हासिल करेंगे। 20 मिलियन गाड़ियां डिलीवर करना। 1 मिलियन रोबोटैक्सी लॉन्च करना। 1 मिलियन रोबोट बेचना। $400 बिलियन तक का प्रॉफिट कमाना और टेस्ला का वैल्यूएशन $8.5 ट्रिलियन तक बढ़ाना। हर लक्ष्य और मूल्य वृद्धि के साथ मस्क को कंपनी का 1% शेयर मिलेगा।

