
नोएडा के बाद ग़ाज़ियाबाद में एसआईआर कर्मचारियों पर मुक़दमा
दर्ज एफ़आईआर में कहा गया है कि इन कर्मचारियों ने सरकारी आदेशों का पालन नहीं किया और काम में लापरवाही किया।
उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में चुनाव आयोग के आदेश पर हो रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के काम में लगे बीएलओ पर मुक़दमा दर्ज किया गया है। ये मुक़दमा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत दर्ज हुआ है।
सिहानी गेट थाने में दर्ज कराई गई इस एफ़आईआर में कुल 21 कर्मचारियों को नामजद किया गया है जिनमें शिक्षक, नगर निगम, ग़ाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल है।
एफ़आईआर में कहा गया है कि इन कर्मचारियों ने सरकारी आदेशों का पालन नहीं किया और काम में लापरवाही किया। एफ़आईआर के अनुसार “बीएलओ जानबूझ कर निर्वाचन संबंधी काम में घोर लापरवाही बरत रहे हैं।”
इससे पहले गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में 60 से अधिक कर्मचारियों के ख़िलाफ़ चार एफ़आईआर दर्ज की गईं थीं। बरेली और बहराइच में भी एसआईआर से जुड़े काम में लगे कर्मचारियों पर मुक़दमे दर्ज किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग के आदेश पर एसआईआर की प्रक्रिया जारी है।
4 दिसंबर तक गणना पत्र इकट्ठा किए जाने हैं और मतदाताओं का डेटा चुनाव आयोग के सिस्टम में फीड किया जाना है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश में एसआईआर के काम में लगे दो कर्मचारियों की मौत को परिवार ने आत्महत्या बताया है और शीर्ष अधिकारियों पर उत्पीड़न और दबाव के आरोप लगाए हैं।

