
बीएनपी को मिला पूर्ण बहुमत, तारिक रहमान होंगे प्रधानमंत्री
बांग्लादेश चुनाव के ताजा आंकड़े बताते है कि तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। 17 साल के निर्वासन के बाद तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने जा रहे है।
बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बहुमत हासिल कर लिया है। बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अब तक 172 सीटों पर जीत हासिल कर ली है।
वहीं, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अब तक 55 सीटें जीती हैं, जबकि अन्य के खाते में 12 सीटें गई हैं। मतगणना अभी जारी है। बीएनपी पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी है. हाल ही में उनके निधन के बाद पार्टी की कमान उनके बेटे तारिक़ रहमान के हाथों में है।
बांग्लादेश चुनाव के ताजा आंकड़े बताते है कि तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। ऐसे में अब पीएम नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान और बीएनपी को इस जीत के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत बांग्लादेश के लोगों के उनके नेतृत्व में भरोसे को दिखाती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वह तारीक रहमान के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने और दोनों देशों के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने के लिए उत्सुक हैं।

