यूपी में बजट सत्र आज से, 11फरवरी को पेश होगा बजट

उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। 11 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा, जबकि 16 से 18 फरवरी तक इस पर चर्चा होगी।

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। यह सत्र कुल 10 दिनों के लिए प्रस्तावित है और इसकी बैठकें 20 फरवरी तक चलेंगी। साल का पहला सत्र होने के चलते पहले दिन सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाएगी, जबकि आने वाले दिनों में विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतरेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के संयुक्त सदन में अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार बीते एक साल के कामकाज और नीतियों का खाका पेश करेगी। अभिभाषण के बाद हाल ही में पारित किए गए अध्यादेशों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। पिछले दिनों दो विधायकों के निधन के चलते मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही केवल शोक प्रस्ताव तक सीमित रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार सुबह कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें बजट प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगेगी। इसके बाद 11 फरवरी को विधानसभा में बजट पेश किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस बजट में अधूरे वादों को पूरा करने, साथ ही महिलाओं, किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नए ऐलान होने की संभावना है।
बजट पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी। यह चर्चा 12 और 13 फरवरी को होगी। इसके बाद 16 से 18 फरवरी तक बजट पर विस्तृत चर्चा होगी। 19 फरवरी से विभागवार बजट पास कराया जाएगा और 20 फरवरी को पूरे बजट पर मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button