
पीएम मोदी के मन की बात ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में राम मंदिर ध्वजारोहण, संविधान दिवस, और खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड का उल्लेख किया। उन्होंने शहद उत्पादन में किसानों की मेहनत और 'वोकल फॉर लोकल' के महत्व पर जोर दिया। पीएम मोदी ने युवाओं से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और देश के विकास में योगदान करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देश को संबोधित किया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी ने देश में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन, खेलों में भारत की उपलब्धियों और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की ऊंची उड़ान आदि मुद्दों पर अपने विचार रखे। पीएम ने कहा कि नवंबर का महीना बहुत सी प्रेरणाएं लेकर आया है। 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ पर सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम हुआ। वंदे मातरम् के 150 वर्ष होने पर पूरे देश में होने वाले कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत हुई।अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा का आरोहण हुआ। खेलों की दुनिया में भी भारत का परचम लहराया है। कुछ दिन पहले ही भारत को राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने का भी एलान हुआ। ये उपलब्धियां देश की हैं, देशवासियों की है। Pm ने कहा, ‘प्यारे देशवासियों मैं आप सभी से वोकल फॉर लोकल के मंत्र को साथ लेकर चलने की अपील करता हूं। हाल ही में जी20 सम्मेलन के दौरान मैंने वैश्विक नेताओं को ऐसे उपहार भेंट किए, जो वोकल फॉर लोकल के मंत्र को बढ़ावा देते हैं। मैंने जापान की प्रधानमंत्री को भगवान बुद्ध की चांदी की प्रतिमा भेंट की। इटली की पीएम को करीमनगर की एक कला भेंट की। मैं चाहता हूं कि दुनिया हमारे कारीगरों की प्रतिभा को पहचाने। मुझे खुशी है कि वोकल फॉर लोकल की भावना को देशवासियों ने अपना लिया है। हाल के त्योहारों की खरीद में लोगों ने मन से भारत के उत्पादों को चुना। इस बार युवाओं ने भी वोकल फॉर लोकल के अभियान को गति दी। आगामी क्रिसमस के समय भी वोकल फॉर लोकल की भावना का ध्यान रखे।’

