
इस बार गोरखपुर महोत्सव होगा और भी भव्य, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कलाकार देंगे प्रस्तुति
गोरखपुर डीएम ने कहा कि इस बार का महोत्सव पिछले वर्षों से अधिक भव्य और विविधतापूर्ण होगा। लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य, नाटक और फूड फेस्टिवल के माध्यम से गोरखपुर की परंपरा और आधुनिकता का संगम प्रदर्शित होगा।
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में डीएम दीपक मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें महोत्सव की रूपरेखा, सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीएम ने कहा कि इस बार का महोत्सव पिछले वर्षों से अधिक भव्य और विविधतापूर्ण होगा। इसमें स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकार मंच साझा करेंगे। लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य, नाटक और फूड फेस्टिवल के माध्यम से गोरखपुर की परंपरा और आधुनिकता का संगम प्रदर्शित होगा। डीएम ने बताया कि गोरखपुर महोत्सव 2026 का आयोजन 10 से 12 जनवरी तक चंपा देवी पार्क में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन पर्यटन मंत्री करेंगे, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और ट्रैफिक डायवर्जन की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। वहीं, डीएम ने नगर निगम को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि पार्क स्वच्छ और आकर्षक बना रहे।
बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा और पर्यटन अधिकारी आरपी यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि यह महोत्सव गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन विकास का प्रतीक बनेगा और पूर्वांचल की नई दिशा तय करेगा।

