
ईरान-अमेरिका की परमाणु समझौते पर ओमान में होने वाली वार्ता रद्द
ईरान और अमेरिका के बीच शुक्रवार को प्रस्तावित परमाणु बातचीत रद्द कर दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने पहले बनी सहमतियों से पीछे हटते हुए बातचीत की जगह और प्रारूप बदलने की मांग की।
ईरान और अमेरिका के बीच शुक्रवार को होने वाली परमाणु वार्ता रद्द कर दी गई है। कहा जा रहा है कि ईरान ने पहले से बनी सहमतियों से पीछे हटते हुए बातचीत की शर्तों में बदलाव की कोशिश की, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान ने बातचीत का स्थान तुर्की से बदलकर ओमान करने और अन्य देशों को बातचीत से बाहर रखने की मांग रखी थी। वेन्यू में बदलाव भी किया गया लेकिन खाड़ी के अन्य देशों को बैठक का हिस्सा नहीं बनाने की मांग खारिज कर दी गई।
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि समझौते के लिए समझौता करने की कोशिश की गई, लेकिन ईरान ने उसे भी मानने से इनकार कर दिया। दो वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से एक इजरायली मीडिया ने यह जानकारी दी। ईरान की विपक्ष समर्थित न्यूज एजेंसी ईरान इंटरनेशनल ने भी इस बारे में जानकारी दी है कि अब दोनों मुल्क शुक्रवार को कोई वार्ता नहीं करेंगे।

