
डीडीयू की वेबसाइट हैक, सर्वर शिफ्ट करने की तैयारी
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ddugu.ac.in हैक हो गई है। डीडीयू की वेबसाइट पर तुर्की की एक कंपनी की डिटेल दिख रही है।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ddugu.ac.in हैक हो गई है। डीडीयू की वेबसाइट पर तुर्की की एक कंपनी की डिटेल दिख रही है। इसकी वजह से डीडीयू का काम रुक गया है। डीडीयू इन दिक्कतों को देखते हुए सर्वर शिफ्ट करने की तैयारी में है।
डीडीयू की वेबसाइट में यह परेशानी 27 नवंबर की शाम से आ रही है। बताया जा रहा है कि यह परेशानी पिछले महीने भी आई थी। उस वक्त सर्विस प्रोवाइडर ने किसी तरह तीन से चार दिनों के बाद वेबसाइट को सही किया था, लेकिन एक माह के अंदर दूसरी बार यह मामला सामने आया है। डीडीयू प्रशासन इसे लेकर सर्विस प्रोवाइडर से बात भी की, लेकिन समस्या का हल नहीं हो सका। इसकी वजह से सर्च रिजल्ट भी प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए अब डीडीयू प्रशासन सर्विस प्रोवाइडर बदलने की तैयारी कर रहा है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि सर्वर हैक होने से सर्च रिजल्ट प्रभावित हो रहा है। साथ ही अन्य समस्या भी आई हैं। इसे देखते हुए सर्वर की शिफ्टिंग की जा रही है।
बड़े संस्थान शुरू से ही साइबर हैकरों के निशाने पर रहे हैं। 2022 में एम्स दिल्ली का भी सर्वर हैक कर लिया गया था। इसके अलावा आईसीएमआर के भी सर्वर पर साइबर जालसाजों ने जबरदस्त अटैक किया था। एम्स दिल्ली के कम्प्यूटर सर्वर पर एक ज़बर्दस्त साइबर हमला की वजह से लगभग सभी सर्वर ठप पड़ गए थे। इसमें अस्पताल का ई-हॉस्पिटल नेटवर्क भी शामिल था जिसे नेशनल इंफ़ॉरमेटिक्स सेंटर (एनआईसी) संचालित करता है। अफ़रातफ़री के बीच इमरजेंसी, आउट-पेशेंट, इन-पेशेंट और सभी जांच लैबों का काम कम्प्यूटरों से हटाकर हाथ से करना शुरू करना पड़ा था।
डीडीयू प्रसाशन ने शनिवार की देर रात तक डीडीयू की वेबसाइट को खोलने का प्रयास करता रहा, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। रविवार तक दूसरे वेबसाइट से चलाने की कोशिश की जाएगी।

