
ट्रंप ने फिर किया नए टैरिफ़ का एलान, अब कौन आया चपेट में
अमेरिका 1 नवंबर 2025 से आयातित मीडियम और हेवी ट्रकों पर 25% टैरिफ लगाएगा. ट्रंप ने कहा यह अमेरिकी उद्योग और कामगारों की रक्षा के लिए है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ऐलान किया कि 1 नवंबर 2025 से अमेरिका में आयात होने वाले सभी मध्यम और भारी ट्रकों पर 25% आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया जाएगा. यह कदम अमेरिकी ट्रक निर्माताओं को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए उठाया गया है.
ट्रंप ने कहा कि यह फैसला अनुचित विदेशी प्रतिस्पर्धा से अमेरिकी कंपनियों और कामगारों की रक्षा करने के लिए लिया गया है. उन्होंने कहा, “हम अपने उद्योगों को विदेशी डंपिंग और गलत व्यापार नीतियों से नुकसान नहीं पहुंचने देंगे.
ट्रंप ने इसकी घोषणा सोमवार को ट्रुथ सोशल के ज़रिए की. ट्रंप ने अपनी पोस्ट में किसी भी देश का ज़िक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने कहा है कि यह टैरिफ़ ‘अन्य देशों से अमेरिका आने वाले’ ट्रकों पर लागू होगा.
पिछले महीने ट्रंप ने कहा था कि यह टैरिफ 1 अक्टूबर से लागू हो सकता है, लेकिन अब इसकी तारीख बढ़ाकर 1 नवंबर 2025 कर दी गई है. उन्होंने दावा किया कि यह कदम अमेरिकी कंपनियों को फायदा पहुंचाएगा.
वर्तमान में अमेरिका, जापान और यूरोपीय संघ के साथ हुए व्यापार समझौतों के तहत लाइट वाहनों पर 15% टैरिफ लगाता है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि नया नियम बड़े वाहनों पर कैसे लागू होगा.

