एयरस्पेस बंद होने से फंसी जिम्बाब्वे की टीम, भारत में ही रहेंगे खिलाड़ी

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 के आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा और इस हार के साथ उनका टूर्नामेंट में सफर खत्म हुआ। हार के बाद जिम्बाब्वे की टीम को अपने घर के लिए रवाना होना था, लेकिन अब इसमें देरी हो गई है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ऐसी पहली टीम है, जिसकी घर वापसी पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते अटक गई है। टी20 विश्व कप 2026 में साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद उनका सफर खत्म हो गया है, लेकिन खिलाड़ी भारत में रुकने पर मजबूर है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के चलते खाड़ी देशों का एयरस्पेस बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से उधर से गुजरने वाली फ्लाइट्स बंद है। अभी ये नहीं तय हुआ कि जिम्बाब्वे की टीम कब अपने घर जाएगी।

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप के आयोजक अब जिम्बाब्वे और बाकी टीमों को घर भेजने के लिए वैकल्पिक रास्तों की तलाश कर रहे हैं। भारत और श्रीलंका में अपना अभियान खत्म करने के बाद कई टीमें इस समस्या से जूझ रही हैं।

ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों को अलग-अलग बैच में घर लौटना था। कुछ खिलाड़ियों की फ्लाइट सोमवार सुबह 4:30 बजे की थी, जबकि बाकी को दिन के दूसरे हिस्से में निकलना था। टीम की बुकिंग एमिरेट्स एयरलाइंस में थी, जो उन्हें दिल्ली से दुबई और फिर वहां से हरारे ले जाती। हालांकि आयोजक अब दूसरी एयरलाइंस और रास्तों पर विचार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल जिम्बाब्वे की टीम को 4 मार्च तक दिल्ली के ही एक होटल में ठहरने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button