
गोवा नाइट क्लब हादसे में 25 की मौत
गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। घटना उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नामक क्लब में हुई, जहां 'बॉलीवुड बैंगर नाइट' का आयोजन होना था। आग डांस फ्लोर से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। संकरे रास्ते के कारण दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच सकीं।
गोवा में बीती रात पर्यटकों से भरे नाइट क्लब में सिलेंडर फटने से अचानक आग लग गई। आग की लपटों में कई लोग जिंदा जल गए। ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई।
गोवा पुलिस के अनुसार, इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई है और 6 लोग घायल हैं। नाइट क्लब में आग की लपटें डांस फ्लोर से उठी थीं। आग बुझाने के लिए कई लोग नीचे बने किचन की तरफ भागे और वहीं फंसे रह गए। आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें कई जिंदगियां स्वाहा हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोवा के अरपोरा में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब राजधानी पणजी से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह क्लब रात को लगभग 1 बजे शुरू होता है। हादसे के दौरान क्लब में लगभग 100 लोग मौजूद थे। 1 बजे में समय था, इसलिए लोग धीरे-धीरे क्लब में इक्ट्ठा हो रहे थे।
‘बर्च बाय रोमियो लेन’ क्लब के इंस्टाग्राम पेज के अनुसार शनिवार की रात को क्लब में ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ का आयोजन होना था। इसके लिए क्लब में डीजे और डांसर भी आने वाले थे। 1 बजे से डीजे नाइट की शुरुआत होनी थी। हालांकि, इससे पहले 12:04 बजे ही हादसा हो गया।
गोवा के अरपोरा में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ क्लब अरपोरा नदी के किनारे स्थित है। क्लब में अंदर जाने और बाहर निकलने का रास्ता काफी छोटा है। यह क्लब खुद को ‘आइलैंड क्लब’ के नाम से प्रमोट करता था, जो एक पतले रास्ते के जरिए मुख्य मार्ग से जुड़ा था। यही वजह है कि आग लगने के काफी देर बाद भी दमकल की गाड़ियां क्लब तक नहीं पहुंच सकीं और क्लब से 400 मीटर दूरी पर ही रुक गईं।
गोवा पुलिस ने क्लब के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे के जांच के आदेश दिए हैं।

