
1.84 लाख करोड़ रुपये का कोई नहीं है मालिक, क्या करेगी सरकार
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि बैंकों और नियामकों के पास ₹1.84 लाख करोड़ की बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियां हैं जिनमें बैंक जमा बीमा भविष्य निधि और शेयर शामिल हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को खुलासा किया कि बैंकों और नियामकों के पास वर्तमान में ₹1.84 लाख करोड़ मूल्य की वित्तीय संपत्तियां बिना दावे के पड़ी हैं। ये संपत्तियां बैंक जमा, बीमा, भविष्य निधि या शेयरों के रूप में हैं।
उन्होंने अधिकारियों से तीन महीने के अभियान के दौरान इन बिना दावे वाली संपत्तियों को उनके असली मालिकों तक पहुंचाने के लिए तीन पहलुओं- जागरूकता, पहुंच और कार्रवाई – पर काम करने का आग्रह किया।
उन्होंने भरोसा दिया, ”वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के अनुसार, 1,84,000 करोड़ रुपये वहां पड़े हैं। यह राशि सुरक्षित है। मैं आपको आश्वस्त कर सकती हूं कि यह पूरी तरह सुरक्षित है। आप जब चाहें उचित कागजात के साथ आएं। आपको धन दिया जाएगा। सरकार इसकी संरक्षक है।”
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बीमा पॉलिसी दावों, बैंक जमाओं, लाभांश, शेयरों और म्यूचुअल फंड आय जैसी दावा न की गई वित्तीय संपत्तियों के मुद्दे से निपटना है, जो अक्सर जागरूकता की कमी या पुराने खाता विवरण के कारण दावा न की गई रह जाती हैं।
यदि किसी कारणवश संपत्ति पर लंबे समय तक कोई दावा नहीं किया जाता है, तो उसे प्रारंभिक धारक इकाई से नियामक संरक्षक को हस्तांतरित कर दिया जाता है। वित्त मंत्री ने इस प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि बैंक जमा के मामले में, दावा न किया गया धन वाणिज्यिक बैंकों से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में स्थानांतरित हो जाता है।

